फतेहगढ़। विकासखंड बमोरी की ग्राम पंचायत धाननखेड़ी में अखिल भारतीय क्षत्रिय धाकड़ समाज द्वारा 8 मई को भव्य आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक एकता को बढ़ावा देने और विवाह समारोहों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
धाकड़ कर्मचारी अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष लालसिंह धाकड़ ने बताया कि सम्मेलन को व्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखने के लिए इस बार आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। पूरे आयोजन की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। विवाह योग्य जोड़ों के लिए पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। समिति ने स्पष्ट किया है कि केवल निर्धारित आयु पूर्ण करने वाले जोड़ों का ही पंजीयन किया जाएगा। आचार्य पं. प्रकाश नारायण भार्गव और पंडित अशोक भार्गव के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ 6 मई को गणेश पूजन के साथ होगा। 7 मई को मंडप छाया की रस्म निभाई जाएगी। मुख्य आयोजन 8 मई को होगा, जिसमें बारात आगमन, प्रीतिभोज और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराए जाएंगे। सम्मेलन समिति के सदस्यों के अनुसार, वर एवं वधू पक्ष से 21,002 रुपए का सहयोग शुल्क लिया जाएगा। इसके बदले में वधू को वैवाहिक जीवन के लिए आवश्यक सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी। सामूहिक विवाह के माध्यम से समाज का उद्देश्य परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना और सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहित करना है।
धाकड़ समाज का 8वां सामूहिक विवाह सम्मेलन 8 मई को