सूने घरों में चोरी करने वाले पारदी गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार


गुना। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कैंट थाना पुलिस ने शहर की नीलकंठ और भगत सिंह कॉलोनी में हुई दो बड़ी चोरियों का खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी गया घरेलू सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नीलकंठ कॉलोनी निवासी प्रकाश मांडरे और भगत सिंह कॉलोनी निवासी शिव सिंह रघुवंशी के सूने घरों को निशाना बनाकर चोरों ने ताले तोड़े थे। परिवार के बाहर होने का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने फ्रिज, टीवी, लैपटॉप, जेवर और बर्तन पार कर दिए थे। सीएसपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव एवं उनकी टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपियों की घेराबंदी की। बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर शानू उर्फ दीपकडी, धर्मोद उर्फ धर्मेंद्र, अजय, सुमित, शिवप्रताप, धीरेंद्र, मोहिल और राहुल को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर टीवी, फ्रिज, कूलर, गैस सिलेंडर, घड़ी और पानी की मोटर सहित अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्यवाही में कैंट थाने और साइबर सेल के अधिकारियों व आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और शेष माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।