गुना। राघौगढ़ इलाके के भैंसाना में आगामी 1 मई से आयोजित होने वाले विशाल महायज्ञ की सफलता के लिए बुधवार को कार्यसेवकों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। पिछले चार माह से चल रही तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित इस बैठक में व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई।
आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए कार्यसेवकों को पार्किंग, बिजली आपूर्ति, व्यापक पेयजल प्रबंध और भोजन परोसने जैसी विभिन्न जिम्मेदारियाँ बांटी गईं। बैठक में उपस्थित पूज्य संत बृजकिशोर पारीक (गुड्डा महाराज) ने कहा कि यह यज्ञ क्षेत्र की खुशहाली और सनातन के प्रचार-प्रसार के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सेवादारों को निर्देशित किया कि यज्ञ का निमंत्रण प्रत्येक सनातनी के घर तक पहुँचाया जाए ताकि जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। महाराज ने विशेष रूप से युवा शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि वे सेवा भाव के साथ यज्ञ की व्यवस्थाओं में अपना योगदान दें। उन्होंने सभी कार्यसेवकों को पूर्ण निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने हेतु प्रेरित किया। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और सेवादार उपस्थित रहे, जो इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
भैंसाना महायज्ञ की तैयारियों को लेकर जुटे सेवादार, सौंपी जिम्मेदारियां