15 अप्रैल से शुरू होगी गेहूं की सरकारी खरीद


गुना। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत ग्वालियर संभाग सहित गुना जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य 15 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रहा है। शासन ने इस वर्ष गेहूं उपार्जन के लिए समर्थन मूल्य की दर 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की है, जिसमें 40 रुपये का अतिरिक्त बोनस शामिल कर किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा।
किसानों की सुविधाओं और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा प्राथमिक तौर पर जिले में 27 उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिला उपार्जन समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर इन केंद्रों में आंशिक संशोधन कर अंतिम सूची जारी कर दी गई है, ताकि किसान अपने स्लॉट बुकिंग का कार्य समय पर शुरू कर सकें। जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड गुना में म्याना, नानाखेड़ी, करोद और विपणन सहकारी समिति गुना को केंद्र बनाया गया है। बमोरी क्षेत्र में बमोरी, परवाह, कॉलोनी और पाडोन समितियों को जिम्मेदारी दी गई है। आरोन विकासखंड के अंतर्गत सालय, सालय-2, पनवाड़ी हाट, विपणन सहकारी समिति आरोन, मूडराखुर्द, खजूरी और खामखेड़ा में उपार्जन कार्य होगा। इसी तरह राघौगढ़ विकासखंड के रूठियाई, गावरी, रामनगर और राघौगढ़ समितियों को केंद्र निर्धारित किया गया है। मधुसूदनगढ़ तहसील के अंतर्गत बारोद, मधुसूदनगढ़, नसीरपुर और डोगरमोतीपुर में केंद्र रहेंगे, जबकि चांचौड़ा में पेंची व मार्केटिंग बीनागंज और कुंभराज तहसील में कुंभराज व मार्केटिंग बीनागंज समितियों के माध्यम से गेहूं की खरीदी की जाएगी। प्रशासन द्वारा इन सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।