रेणुका बरसैया उन सशक्त महिलाओं में से हैं जिन्होंने यह सिद्ध किया है कि पारिवारिक दायित्व और व्यक्तिगत सपने एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि सही संतुलन से एक-दूसरे के पूरक बन सकते हैं। एक पारंपरिक पारिवारिक परिवेश में पली-बढ़ी रेणुका बरसैया ने जीवन की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाते हुए शिक्षा, कला और समाजसेवा—तीनों क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
उन्होंने बीएससी, एमए (अर्थशास्त्र) और एलएलबी जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यताएँ प्राप्त कर न केवल अपने ज्ञान को समृद्ध किया, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देते हुए अनेक विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा भी दी। शिक्षा के साथ-साथ उनकी रुचि प्रारंभ से ही सांस्कृतिक गतिविधियों, नृत्य और अभिनय में रही।
वर्ष 1990 में विवाह के उपरांत भी रेणुका बरसैया ने अपने भीतर छिपे कलाकार को कभी दबने नहीं दिया। परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए, जब अधिकांश लोग अपने सपनों को पीछे छोड़ देते हैं, तब रेणुका ने 48 वर्ष की आयु में नाटक दरारें’के माध्यम से मंच पर मुख्य भूमिका निभाकर अपने अभिनय जीवन की सशक्त शुरुआत की। इस नाटक में उनके अभिनय को अपार सराहना मिली और यहीं से उनके रंगमंचीय सफर को नई उड़ान मिली।
इसके बाद श्मशान महापर्व, आशादीप, शहीद भगत सिंह, अमृत आ गया, गांधी ने कहा था… जैसे विचारोत्तेजक और सामाजिक संदेश देने वाले नाटकों में उनके अभिनय ने दर्शकों और रंगमंच प्रेमियों को गहराई से प्रभावित किया। अभिनय की यही साधना उन्हें सिनेमा तक ले गई, जहाँ उन्हें सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्म आरक्षण’ में अभिनय करने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त उन्होंने ड्राई डे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर चर्चित वेब सीरीज़ कोटा फैक्ट्री, तथा शॉर्ट फिल्म शिव व्रत कथा में भी अपने सशक्त अभिनय से पहचान बनाई।
समाजसेवा में सक्रिय योगदान
रेणुका बरसैया का व्यक्तित्व केवल शिक्षा और अभिनय तक सीमित नहीं है। वे सामाजिक क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय रही हैं। जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना, पिछड़ी बस्तियों में सहायता पहुँचाना और गौसेवा जैसे कार्यों में उनका योगदान उल्लेखनीय है। समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता उनके कार्यों में स्पष्ट दिखाई देती है।
अपने परिवार के सहयोग, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों से रेणुका बरसैया ने यह सिद्ध कर दिया है कि उम्र, परिस्थितियाँ और जिम्मेदारियाँ कभी भी सपनों के आड़े नहीं आतीं—यदि संकल्प दृढ़ हो। वे आज अनेक महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो यह मानती हैं कि जीवन के दायित्वों के बीच अपने सपनों को जीना संभव नहीं।