परिवहन विभाग ने 7 बसों पर की कार्रवाई, जुर्माना वसूला


गुना। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निदेर्शानुसार परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा और यात्री सुविधा को पुख्ता करने के लिए शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। दो खम्बा तिराहे पर की गई इस कार्रवाई के दौरान यात्री बसों और अन्य वाहनों के मानकों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान विभाग की टीम ने कुल 23 वाहनों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि 7 वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिनमें प्रमुख रूप से फायर सेफ्टी (अग्निशमन) उपकरणों की कमी पाई गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले इन वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही कार्रवाई की गई और उनसे कुल 07 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग ने वाहन संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है कि वे अपने वाहनों में सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों, विशेषकर आग से बचाव के उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मानकों का पालन न करने वाले वाहनों के विरुद्ध आने वाले दिनों में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस चेकिंग अभियान का नेतृत्व चेकपॉइंट प्रभारी संतोष सिंह तोमर ने किया। कार्रवाई के दौरान टीम में महेश मांझी, सैनिक प्रकाश जाटव, हरिओम रघुवंशी और विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग की ओर से कहा गया है कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।