गुना कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं 220 आवेदकों की समस्याएं


गुना। मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित लगभग 220 आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई में आए आवेदकों ने मुख्य रूप से भूमि सीमांकन, नामांतरण, बिजली बिलों में सुधार, पेंशन बहाली और नगर पालिका से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के अभाव संबंधी शिकायतें दर्ज कराईं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कलेक्टर के निदेर्शों पर जनसुनवाई परिसर में ही विशेष स्वास्थ्य शिविर और आधार केंद्रों की व्यवस्था की गई थी। इसके उत्साहजनक परिणाम देखने को मिले। वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को गति दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नेत्र परीक्षण और एचआईवी जांच सहित अन्य प्रारंभिक जांचें नि:शुल्क की गईं। बड़ी संख्या में आए आवेदकों और उनके परिजनों ने इन सुविधाओं का लाभ उठाया। जनसुनवाई के सुचारू संचालन के दौरान अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, संयुक्त कलेक्टर डॉ. संजीव खेमरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।